The Astrology Online

money लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
money लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, अक्टूबर 05, 2025

लक्ष्‍मी पाने के अचूक नुस्‍खे

लक्ष्‍मी किसे प्‍यारी नहीं। इसे पाने को हर कोई बेताब रहता है। हर कोई प्रयास करता है लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं जिन पर देवी की कृपा होती है। हमारे तंत्र शास्‍त्र में कई ऐसे नुस्‍खे दिए गए हैं जो लक्ष्‍मी के आगमन को सुगम बनाते हैं।

लगातार घाटा होने पर

व्‍यापार ज्‍योतिष में दरिद्रता नाशक मुद्रिका के बारे में दिया गया है। इसके अनुसार शुक्‍लपक्ष में रवि या गुरु पुष्‍य के दिन त्रिधातु की अंगूठी बनवाकर अनामिका अंगुलि में पहनने से ऐसे जातक को लाभ होता है जिसे व्‍यापार में लगातार घाटा हो रहा हो।

मुहूर्त पर मंत्र

अमावस्‍या, दीपावली और होली की रात को बारह बजे से महालक्ष्‍मी का मंत्र करने से लक्ष्‍मी की प्राप्ति होती है। बहुत से सेठों ने सालों साल तक इन मंत्रों को किया और अभीष्‍ट की प्राप्ति की है। यह मंत्र है

ओं श्रीं ह्रीं क्‍लीं महालक्ष्‍म्‍यै नम:

करणीदान सेठिया की मंत्र विद्या में दिया गया है कि पूर्व की तरफ मुंह करके पीले वस्‍त्र और पीले रंग की माला का प्रयोग करें। कमरा साफ रखें। मार्गशीर्ष नक्षत्र व गुरुवार हो उस दिन भी मंत्र का जाप शुरू किया जा सकता है। वे भक्‍तामर स्रोत के 26वें श्‍लोक की तीन माला फेरने के बाद मंत्र का जाप शुरू करने की सलाह देते हैं। लक्ष्‍मी की मूर्ति सामने रखें। पीले फूल चढ़ावें। रोज दस माला का जाप करें। इससे लक्ष्‍मी प्रसन्‍न होगी। उनके अनुसार एक लाख माला का जाप होने पर लक्ष्‍मी स्‍वयं दर्शन देती है।

सफाई का चमत्‍कार

हमारे घर में कई तरह के लोग आते हैं उनके साथ उनके वाइब्रेशन भी हमारे घर में प्रवेश करते हैं। उत्‍तर भारत हो या दक्षिण नजर लगने की समस्‍या बराबर है। इससे नेगेटिव वाइब्रेशन के रूप में भी लिया जा सकता है। इस तरह के वाइब्रेशन को घर से निकालने और लक्ष्‍मी को स्‍थान देने के लिए पुष्‍य नक्षत्र से शुरू कर इक्‍कीस दिन तक गृहस्‍वामी और स्‍वामिन दोनों मिलकर नमक मिले पानी से पूरे घर की सफाई करें (पोंछा लगाएं) तो घर में लक्ष्‍मी का प्रवेश आसान हो जाएगा। इसे अनुभूत प्रयोग बताया गया है।

रात की गणना

धन कमाने के लिए पहले धन के बारे में विचार करना जरूरी है। बहुत से लोग धन के बारे में स्‍पष्‍ट विचार नहीं रखते और धन पाने की रुचि से अधिक लालसा विचारों पर हावी रहती है। ऐसे लोगों को साइकोसोमेटिक उपचार बताया जाता है। यह बहुत आसान और कारगर है। रात को सोते समय नींद आने तक नोट गिनना। यह सुनने में एक बारगी हास्‍यास्‍पद लग सकता है लेकिन बहुत से धनहीनों ने इसे किया वे भले ही धनपति नहीं बन पाएं हों लेकिन धन के मामले में आत्‍मनिर्भर तो हुए ही हैं।

बुधवार, नवंबर 02, 2011

सोच की गति से पैसा

देखने में यह काल्‍पनिक विषय है लेकिन ऐसा होता है। जो लोग सालों तक बिजनेस में लगे रहते है उन्‍हें पता है कि एक समय ऐसा भी होता है जब सोच की गति से पैसा बनना शुरू हो जाता है। हालांकि हर समय ऐसा नहीं होता। जिन लोगों के जीवनकाल में ऐसा वक्‍त आकर जा चुका होता है वे बार-बार ज्‍योतिषियों के पास जाते हैं और अपने उसी दौर को फिर से जीने की कोशिश करते हैं।

guy with money thoughtज्‍योतिष की नजर में क्‍या होता है सोच की गति से पैसा बनाना और कितने लोग सफल होते हैं इस प्रकार धन कमाने में। यह बताने से पहले मैं स्‍पष्‍ट करता हूं कि प्रकृति के अनुसार लोग चार प्रकार के होते हैं। यह प्रकृति राशियों के आधार पर बनाई गई है।

मेष, सिंह और धुन राशियां अग्नितत्‍वीय होती हैं,

वृष, कन्‍या और मकर राशियां पृथ्‍वीतत्‍वीय होती हैं,

मिथुन, तुला और कुंभ राशियां वायुतत्‍वीय होती हैं

कर्क, वृश्चिक और मीन राशियां जलतत्‍वीय होती हैं।

इन्‍हीं राशियों के आधार पर लोग भी चार प्रकार के होते हैं। हर प्रकार के व्‍यक्ति की कुण्‍डली में ऐसा वक्‍त जरूर आता है जब वह अपने मूल तत्‍व, कारक ग्रह, उसकी दशा और घटनाओं के प्रति सामंजस्‍य बैठा लेता है। यही वक्‍त होता है जब व्‍यवसायी सोच की गति से पैसा बना पाता है। अब एक आम आदमी का सवाल होता है कि उसे कैसे पता चलेगा कि उसका ‘वह’ वक्‍त आ गया है। इसे जानने के लिए आपको पता करना होगा कि आपकी कुण्‍डली का लग्‍न अथवा राशि कौनसी है। कुछ कुण्‍डलियां लग्‍न से ऑपरेट होती हैं तो कुछ राशि से। ऐसे में जो अधिक प्रभावी है वहीं से देखा जाएगा। इसके बाद हर लग्‍न की कुण्‍डली का एक निश्चित कारक ग्रह होता है। उस कारक ग्रह की दशा में ही हमारे प्रयासों के उत्‍कृष्‍ट परिणाम आते हैं। जैसे कि मेष लग्‍न की कुण्‍डली में सूर्य की दशा में और तुला लग्‍न की कुण्‍डली में शनि की दशा में सर्वाधिक अच्‍छे परिणाम आएंगे।

तो कुछ लोगों का सवाल यह भी होता है कि कारक ग्रह की दशा से पहले क्‍या किया जाए। इसके लिए मेरा जवाब यही है कि कारक ग्रह की दशा आने से पूर्व तक आपको इसकी तैयारी करनी होती है। अगर कारक ग्रह की दशा से पहले पर्याप्‍त ठोस जमीन तैयार नहीं की गई होगी तो कारक दशा बीतने तक आप परिस्थितियों को अनुकूल बनाते रहेंगे और बेहतर परिणामों के लिए फिर से किसी अंतरदशा या प्रत्‍यंतर दशा का इंतजार करना पड़ेगा। यानि काम करते रहना होगा, सही समय आने पर उसके बेहतरीन परिणाम में आएंगे। वैसे हर एक की कुण्‍डली का व्‍यक्तिगत विश्‍लेषण कर ही निकाला जा सकता है कि अमुक व्‍यक्ति का स्‍वर्णकाल कब आ रहा है।

रविवार, अक्टूबर 23, 2011

कहां रहे पैसा?

payday___

कई लोगों को लगता है कि उनका पैसा बैंक में पडा सड़ रहा है तो कई लोग बाजार में पैसा लगाकर पछताते हैं। ऐसा एक ही व्‍यक्ति के साथ भी हो सकता है। यानि जब पैसा बैंक में हो तो उसे बाजार चढ़ता हुआ दिखाई देता है और जब पैसा बाजार में हो तो बैंक की ब्‍याज दरें अधिक आकर्षक नजर आती हैं। देखने में ऐसा लगता है कि यह व्‍यक्ति विशेष की मानसिकता से जुड़ा मसला है लेकिन गौर किया जाए तो यह महज टाइमिंग की समस्‍या है।

ज्‍योतिष की नजर में जब कुण्‍डली का दूसरा भाव ऑपरेट हो रहा हो तो पैसे को बैंक में पड़ा रहने देने में ही समझदारी है और जब ग्‍यारहवां भाव ऑपरेट हो रहा हो तो अधिक से अधिक लाभ अर्जित करने के प्रयास करने चाहिए। हालांकि बहुत से व्‍यापारियों या कह दें पुराने बणियों को ज्‍योतिष की इन मूल बातों की जानकारी होती है। एक सामान्‍य व्‍यक्ति के समझने के लिए बता देता हूं कि भाव कुल बारह होते हैं और राशियां भी बारह होती हैं। ये क्रमश: मेष, वृष, मिथुन, कर्क, सिंह, कन्‍या, तुला, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन होती हैं। मेष और वृश्चिक राशियों का स्‍वामी मंगल, वृष और तुला का शुक्र, मिथुन और कन्‍या का बुध, कर्क का चंद्रमा, सिंह का सूर्य, धनु और मीन का गुरु और मकर व कुंभ राशि का अधिपति शनि होता है। जिस जातक को पता करना हो वह इन राशियों को घड़ी के आकार में जमा ले। मेष से मीन तक। जहां घड़ी की सुई एक बजाती है वहां मेष और जहां बारह बजाती है वहां मीन। इस तरह तैयार हो गई आपकी कुण्‍डली जिसमें भाव भी स्‍पष्‍ट नजर आएंगे। अब आपकी कुण्‍डली में जिस राशि में जो ग्रह बैठा है उसे उसी में टिका दें। एक जगह लिखा होगा लग्‍न। इस लग्‍न वाले अंक को सबसे ऊपर ले आए। इससे लग्‍न कुण्‍डली बन जाएगी। अब कुण्‍डली में देखें कि कौनसे ग्रह की दशा चल रही है। उदाहरण के तौर पर लें तो वृष लग्‍न के जातक की बुध की दशा चल रही हो। ऐसे में दूसरे भाव का अधिपति बुध हुआ तो ऐसे जातक को मोटे तौर पर बैंक या स्‍थाई बांड में अपनी अधिकांश राशि जमा रखनी चाहिए। इसी कुण्‍डली में अगर गुरु की दशा चल रही हो तो इस जातक को कई जगह निवेश कर अपने धन को बढ़ाने का अधिक से अधिक प्रयास करना चाहिए। क्‍योंकि गुरु एकादश भाव का अधिपति हुआ और यह धनलाभ के योग बनाएगा। इसी तरह हर कुण्‍डली का निर्णय निकाला जा सकता है। 2736760-indian-currency-inr-500--indian-rupees-in-a-bundle

सही टाइमिंग पर किया गया निवेश या बैंक में रखा गया धन अधिक से अधिक सुरक्षा और लाभ दिलाएगा। अब सवाल यह है कि किसी व्‍यक्ति का व्‍यापार चल रहा हो तो उसे दशाओं के अनुसार धन का क्‍या उपयोग करना चाहिए। इस पर चर्चा अगले लेख में...