The Astrology Online

कृष्‍णामूर्ति लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कृष्‍णामूर्ति लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, फ़रवरी 05, 2012

ज्‍योतिष और ज्‍योतिषी : अंतरराष्‍ट्रीय सेमीनार

पिछले दिनों भिवाड़ी में आई कास के बैनर तले हुई अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर की सेमीनार में भाग लेकर आया हूं। सेमीनार से लौटने के बाद एक महीने से लगातार व्‍यस्‍त रहा। आज कुछ लिखने का अवकाश मिला है सो सोच रहा हूं कि याददाश्‍त के आधार पर ही सही कुछ रिपोर्टिंग कर देता हूं। 

भिवाड़ी में ब्रह्माकुमारीज का ओम शांति रिट्रीट निश्‍चय ही शांति और सुकून देने वाला स्‍थान है। यहां हुई कांफ्रेंस में दुनियाभर से ज्‍योतिषी जुटे थे। देश के अधिकांश राज्‍यों के ज्‍योतिषियों को करीब से देखा। 

पहले दिन भजन

जयपुर से भिवाड़ी तक बस के जरिए पहुंचने में पूरा समय लगा, तकरीबन पूरा दिन। शाम पांच बजे हम पहुंचे तो हमारा स्‍वागत इत्र और चंदन के मिश्रण से बने टीकों और गेंदे की मोटी मालाओं से किया गया। इसके ठीक बाद भक्ति संध्‍या भजन शुरू हो गया। जयपुर से आए दो गायकों (इनमें से एक के बारे में दावा किया गया था कि वे गजल गायक जगजीत सिंहजी के शिष्‍य हैं) ने खूबसूरत भजन सुनाए। इसके बाद खाना और सोने के लिए रिट्रीट के शानदार कमरों में पहुंचना। 

बीकानेर से भिवाड़ी तक पहुंचने में कहीं ज्‍योतिष या इसका संदर्भ नहीं आया, लेकिन लॉटरी खुली रात को। पता चला कि जिन लोगों को साथ मुझे कमरा शेयर करना है, उनमें से एक आई कास पूना के निदेशक सुहास डोंगरे हैं। डोंगरे साहब के सामान के साथ पड़ी एक ज्‍योतिष मैग्‍जीन देखी तो पता चला कि आईकास पूना ही उसे प्रकाशित कर रहा है। उसी मैग्‍जीन के आखिरी पृष्‍ठों पर करीब दो दर्जन किताबों के बारे में भी पता चला जिन्‍हें सुहास डोंगरेजी ने मराठी भाषा में ही लिखा है। वे वर्ष 1983 से केपी सिस्‍टम का अभ्‍यास भी कर रहे हैं। पेशे से इंजीनियर रहे सुहासजी ने पहले ही परिचय में मुझसे पूछा कि क्‍या करते हो सिद्धार्थ, तो मेरा जवाब था कि ज्‍योतिष करता हूं। 

सुहासजी ने कहा वो तो ठीक है, लेकिन करते क्‍या हो?

खैर, रात आठ बजे हम कमरों में थे और मैं देर तक जागने की मुद्रा में। मेरे उत्‍साह को देखते हुए वृद्ध (कृपया बुरा न मानें) ज्‍योतिषी ने मेरे आग्रह अनुसार चर्चा का दौर शुरू कर दिया। अब तक जितनी सरलता दिख रही थी, वह ज्‍योतिष विषय पर आते ही पांडित्‍य के ओज में तब्‍दील हो गई। बातचीत का जो दौर शुरू हुआ वह इतना तकनीकी है कि यहां चर्चा करने के लिए मुझे दस बारह पोस्‍ट अलग से लिखने पड़ेंगे। इस तरह रात साढ़े बारह बजे सोने से पहले तक हम पर्याप्‍त चर्चा कर चुके थे। आखिर में मैं बोल रहा था और डोंगरेजी के खर्राटों की आवाज सुनाई दे रही थी। 

ध्‍यान करो ध्‍यान

हमें भजन संध्‍या में ही ताकीद कर दी गई थी कि सुबह साढ़े आठ बजे ध्‍यान कक्ष में पहुंचना है जहां सभी ज्‍योतिषी ध्‍यान करेंगे। मैंने अपनी राय रात को ही जाहिर कर दी थी। सो सुबह रजाई के अंदर ही समाधि लगाए रखी। सुहासजी ने मुझे छेड़ा भी नहीं। जागा तो एक और सरप्राइज मेरा इंतजार कर रहा था। एक दिन के अंतर से आईकास हैदराबाद के निदेशक सोमनाथजी आए तो उन्‍हें लेकर सतीशजी हमारे ही कमरे में आ गए। 

स्‍वागत और सम्‍मान रजाई ओढे हुए ही किया। पर्याप्‍त देरी करने के बाद तेजी से तैयार होकर हम मीटिंग हॉल की तरफ रवाना हो गए। हॉल से ठीक पहले एक खुले स्‍थान पर चाय और नाश्‍ते की अनवरत आपूर्ति का प्रबंध किया गया था। सो नाश्‍ता कर हम मीटिंग में पहुंचे। पूरे दिन ज्‍योतिष के तकनीकी सत्र चले। 

शोध पर शोध की जरूरत

om shanti retreatआईकास में ज्‍योतिष के विभिन्‍न विषयों को लेकर विद्यार्थी निरंतर शोध करते रहते हैं। सम्‍मेलन में जो पत्र पढ़े जाने थे, उनमें भी इन शोधों का हवाला दिया गया था। आईकास में इन दिनों गीता के सूत्रों में ज्‍योतिष के रत्‍न खोजने का प्रयास हो रहा है। आईकास के चैयरमेन ने एक सूत्र के आधार पर मरकर फिर से जिंदा होने वाले लोगों के बारे में बताया। 
इसके अलावा प्रश्‍न पद्धति, देश का आर्थिक भविष्‍य, ज्‍योतिष की जरूरत क्‍यों और ऐसे ही कई मुद्दों को लेकर शोध और चिंता का मिला जुला रूप देखने को मिला। मैंने और सुहासजी ने सबसे पीछे वाली कुर्सियों का चुनाव किया और शांति से बैठकर कार्यक्रम देखते रहे और परंपरागत भारतीय ज्‍योतिष की तुलना केपी सिस्‍टम से करते रहे। देखिए हम बैठे भी हैं... तकनीकी सत्रों के बीच एक बार फिर लंच हुआ, शाम को हाइ टी और रात को शानदार खाना। इस बीच ज्‍योतिषियों से मिलने का कार्यक्रम चलता रहा।

2,00,000 कुण्‍डलियों का संग्रह


bissa jiआईकास के अंतरराष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष सतीश शर्मा जी ने कहा कि बीकानेर से आप अकेले नहीं आए हैं ये बिस्‍साजी भी आए हैं। यह चकित होने वाली बात थी, क्‍योंकि बीकानेर के अधिकांश ज्‍योतिषियों को मैं जानता हूं और उनमें किसी से शिवशंकर बिस्‍साजी की शक्‍ल नहीं मिल रही थी। मैंने विनम्रता से अपनी उलझन बता दी। बदले में मेरा शानदार इंटरव्‍यू हुआ। आखिर कृपा करके बिस्‍साजी ने बताया कि वे बीकानेर मूल के हैं लेकिन पहले कोलकाता (कलकत्‍ता वाले जमाने में) और बाद में मुंबई गए। अब वहीं बस गए हैं। 

मैं सुहासजी के साथ ही था, बातचीत में बिस्‍साजी ने कहा कि उनके पास उनके ग्राहकों की दो लाख कुण्‍डलियों का संग्रह है। बाकी सबकुछ पचाया जा सकता है, यानि गोली, गोला, तोप भी निगल लें, लेकिन पूरा तोपखाना कैसे मुंह में आएगा। सो बात निगल नहीं पाया। मैंने पांच सात या कह दें एक दर्जन बार घुमा घुमाकर बिस्‍साजी से पूछा कि आप दो लाख ही बोल रहे हैं, कम या अधिक तो नहीं। लेकिन बिस्‍साजी निश्चिंत थे। उन्‍होंने कहा पूरी दो लाख। खैर, पहला दिन समाप्‍त होने के साथ ही ज्‍योतिषी कमरों की ओर लौट आए। अगले दिन ज्‍योतिष के ईश्‍वरों में से एक ऋषि पाराशर के धाम के लिए निकलना था, सो लोग अपने बैग तैयार करने में जुटे थे। मेरे पास ज्‍यादा सामान नहीं था, जो था पैक ही था, सो मैं घूमने निकल आया। 

बाहर लॉबी में देखा कि कड़कड़ाती सर्दी में लॉबी में बिछे सोफे और कुर्सियों पर शानदार मजलिस जमी हुई है। बीच में बैठे थे बिस्‍साजी। मैं करीब पहुंचा तब तक पंद्रह बीस कुण्‍डलियां निपटा भी चुके थे। जयपुर के जौहरी बाजार के कुछ सुनार युवक भी घिसते घिसते ज्‍योतिषी बन चुके हैं। उनमें से चार पांच बार बार बिस्‍साजी का टैस्‍ट ले रहे थे, और बिस्‍साजी हर बार पास हो रहे थे। अच्‍छा खेल चल रहा था, मैं वहीं बैठ गया। उनकी रफ्तार देखकर मैंने अनुमान लगाया कि हो सकता है उन्‍होंने इतनी कुण्‍डलियां देख ली हों। रात को वहीं बारह बजे के बाद कमरे में पहुंच पाया।

गुरुवार, दिसंबर 29, 2011

कैसे पता लगेगा कि कम्‍प्‍यूटर क्‍या नुकसान दे रहा है??

इस सवाल का जवाब देने से पहले मैं यह स्‍पष्‍ट कर देना चाहता हूं कि मेरा  उद्देश्‍य कम्‍प्‍यूटर से एलर्जी कराना या इस अभूतपूर्व साधन से दूर करना नहीं है। इसके बावजूद ज्‍योतिषीय दृष्टिकोण से हमें उन चीजों को भी समझना और पारिभाषित करना होगा जो लगातार हमारी जीवनचर्या का हिस्‍सा बनती जा रही हैं। ऐसे में पहली बारी कम्‍प्‍यूटर की आई है तो आगे मोबाइल, आईपोड और आईपेड या सामान्‍य मोबाइल तक को लेंगे।

COM Addict

उपरोक्‍त सवाल ब्‍लॉग की ही एक पाठक ने पूछा है। इस सवाल को दो कोण से देखा जा सकता है। पहला तो यह कि क्‍या कम्‍प्‍यूटर एक ही तरह का नुकसान देता है और दूसरा यह कि अगर कई तरह के नुकसान देता है तो कैसे पता लगाएंगे कि क्‍या क्‍या नुकसान हो रहा है।

इसके लिए हमें पहले शुक्र की प्रकृति को समझना होगा। राक्षसों के गुरु शुक्राचार्य पेशे से शिक्षक हैं। शुक्र रजोगुणी है। राज करना या विलास करना इसके तहत आता है। भौतिक उपभोग की वस्‍तुओं, सामान्‍य वैवाहिक एवं सांसारिक वस्‍तुओं के मिलने और उनके उपयोग के रास्‍ते भी शुक्र के जरिए ही खुलते हैं। ऐसे में शुक्र हर उस कोण को प्रभावित करता है जो भौतिक जगत में जातक के भोग के लिए जरूरी है और उसे आरामदायक अवस्‍था में ले जाती है। ये मशीनें भी हो सकती हैं और जीवित वस्‍तुएं भी, यह भूमि और मकान हो सकते हैं या मनोरंजन के दैहिक अथवा पराभौतिक साधन। हम शुक्र की प्रकृति पर ही चर्चा करें तो कुछेक ग्रंथ लिखे जा सकते हैं।

शुक्र की प्रकृति जान लेने के बाद हमें पता लगाना होगा कि जातक की कुण्‍डली के कौनसे भाव शुक्र से प्रभावित हो रहे हैं। उन भावों के अनुसार फलादेश निकाला जा सकेगा कि वर्तमान में शुक्र के नष्‍ट होने से जातक को क्‍या और कैसे नुकसान हो रहा है या फिर कोई नुकसान नहीं हो रहा।

इससे पहले की पोस्‍ट में मैंने तुला लग्‍न के जातक का उदाहरण लिया था। इस बार कर्क और धनु लग्‍न के जातकों के बारे में बात की जा सकती है। कर्क लग्‍न के जातकों के लिए शुक्र जहां एकादशेश का अधिपति होगा, वहीं कुण्‍डली में जिस भाव में उसकी उपस्थिति होगी उसे भी प्रभावित करेगा। कृष्‍णामूर्ति पद्धति का अनुसरण करते हुए गणना करें तो शुक्र जिन भावों का सिग्निफिकेटर होगा, उन भावों को प्रभावित करेगा। दूसरी ओर धनु लग्‍न में शुक्र कमोबेश अकारक ही रहेगा। जैसा हमारे गुरुजी कहते हैं साधु के घर में भोगी का क्‍या काम।

इसी तर्ज पर हमें गणना करनी होगी कि शुक्र का ह्रास होने से कहां, क्‍या और कितना नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।

अगली पोस्‍ट में हम चर्चा करेंगे कम्‍प्‍यूटर के इस्‍तेमाल के प्रभावी तरीकों और ज्‍योतिषीय दृष्टिकोण से इससे होने वाले दुष्‍प्रभावों से बचने के बारे में...

शुक्रवार, जून 24, 2011

ज्‍योतिष की कक्षा : छठा दिन

ज्‍योतिष की कक्षा में हम राशियों का परिचय प्राप्‍त कर रहे हैं। पूर्व के लेखों में हम मेष, वृष, मिथुन और कर्क राशियों पर चर्चा कर चुके हैं। इस कक्षा में हम बात करेंगे सिंह और कन्‍या राशि की। अब तक जिन पाठकों ने फण्‍डामेंटल प्रिंसीपल ऑफ एस्‍ट्रोलॉजी पुस्‍तक का हिन्‍दी अनुवाद ज्‍योतिष के आधारभूत सिद्धांत खरीद ली है, वे मेरे इन लेखों के साथ तेजी से आगे बढ़ सकते हैं और जो पाठक केवल इन लेखों के भरोसे हैं, उन्‍हें केवल राशियों का फौरी परिचय ही मिल सकेगा। सालने वाली बात यह है कि हर लेख में इक्‍का दुक्‍का कमेंट और पांच सात मेल के अलावा पाठकों का रुझान नहीं मिल पा रहा है। एक ओर जहां ज्‍योतिष से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने की जरूरत शिद्दत से महसूस की जाती है वहीं इस विषय को विषय के तौर पर पढ़ने और समझने वाले लोगों की कमी खलती है। मैं अब देरी से आए पाठकों से भी आग्रह करूंगा कि वे पूर्व में बताई गई पुस्‍तकों को शीघ्र खरीदें और अठारह लेखों की इस शृंखला के दौरान अधिक से अधिक सवाल जवाब तक सीखने का प्रयत्‍न करें। एक बात और पिछले लेखों में एक दो लोगों ने जिसासा प्रकट की थी कि राशियों का प्रभाव लग्‍न से देखा जाए या चंद्रमा से। इस बारे में मैं बहुत पहले बता चुका हूं, यहां पुनरावृत्ति कर देता हूं कि लग्‍न और राशि में से जो अधिक प्रबल होगा उसी राशि का प्रभाव जातक पर अधिक दिखाई देगा।

जंगलों और वीराने में घूमते ‘सिंह’

Animals-0010सिंह राशि से प्रभावित जातकों की यह सबसे बड़ी विशेषता होती है। इस राशि पर सूर्य का प्रभाव है। अग्नि तत्‍व की यह राशि शुष्‍क, पुरुष, धनात्‍मक और स्थिर है। चंद्र, मंगल और गुरु सूर्य के मित्र होने के नाते सिंह में आने पर मित्रक्षेत्री होते हैं और शनि, शुक्र और बुध शत्रुक्षेत्री। सिंह राशि के जातकों की हड्डियां उन्‍नत होती हैं, कंधे और माथा चौड़े होते हैं। ये जातक बैठे हुए ठिगने दिखाई देते हैं। इसका कारण यह है कि इनका धड़ छोटा और टांगें लम्‍बी होती हैं। जब ये उठकर खड़े होते हैं और औसत से अधिक कद के होते हैं। जिन जातकों की कुण्‍डली में सूर्य और गुरु की अच्‍छी युति होती है वे परपीड़ा को समझने में कामयाब होते हैं। चिकित्‍सकों और बेहतर प्रशासकों की कुण्‍डली में यह योग प्रमुखता से दिखाई देता है। सूर्य का प्रभाव होने से जातक अपने आध्‍यात्मिक उत्‍थान का अपने स्‍तर पर प्रयास करते हैं। इसी कारण सिंह राशि वाले जातक जंगलों या वीराने अथवा पहाड़ों में अकेले घूमते हुए देखे जा सकते हैं। इनका संगीत, नाटक और खेल से लगाव होता है। ये स्‍पष्‍ट वक्‍ता, उन्‍मुक्‍त और निष्‍पक्ष होते हैं। न क्षुद्र व्‍यवहार करते हैं और न दूसरों का ऐसा व्‍यवहार बर्दाश्‍त कर पाते हैं। इसी कारण समूह में इनकी भूमिका सदैव नेतृत्‍व की ही रहती है। ये सामान्‍यता उच्‍च पद अथवा समाज में ऊंचा दर्जा पाने का प्रयास करते नजर आते हैं। इनके लिए साख ही सबकुछ है इसलिए साख बढ़ाने के लिए निरन्‍तर प्रयत्‍नशील रहते हैं। इनके लिए रविवार का दिन शुभ है, सोमवार को धन का व्‍यय होता है और मंगलवार को बड़ी सफलताएं प्राप्‍त करते हैं। बुधवार को भाग्‍य साथ देता है। शनिवार को धोखा खाते हैं। शुभ रंग नारंगी है और शुभ अंक एक। माणिक और पन्‍ना पहनने से भाग्‍य में बढ़ोतरी होती है।

अत्‍यधिक विश्‍लेषण से परेशान करने वाले कन्‍या जातक

ganesh jiआपको भी कभी न कभी ऐसे व्‍यक्ति मिले होंगे जो छोटी सी बात को बहुत अधिक विस्‍तार से समझते और समझाते हैं। एक बार गलती से भी इन लोगों को सामान्‍य बात का विश्‍लेषण पूछ लिया जाए तो घंटों तक उस तथ्‍य की चीरफाड़ करते रहते हैं। ये कन्‍या जातक के लोग हैं। कन्‍या राशि का स्‍वामित्‍व बुध के पास है। यहीं पर बुध उच्‍च का भी होता है। सो ये लोग किसी न किसी रूप में फायनेंस, पब्लिकेशन या अन्‍य पढ़ने लिखने के काम से जुड़े हुए होते हैं। अपने प्रोफेशन में भले ही अपनी विश्‍लेषण क्षमता के कारण ये लोग पूछे जाते हों, लेकिन सामाजिक तौर पर इनकी स्थिति एक समय बाद यह हो जाती है कि लोग बात करने से कतराने लगते हैं। अगर कन्‍या जातक खुद पर कंट्रोल रखना सीख लें तो इनके आकर्षक और सम्‍मोहित करने वाला जातक ढूंढना मुश्किल है। ये लोग दिमाग अधिक काम में लेते हैं सो शरीर का इस्‍तेमाल कम से कम करने का प्रयास करते हैं। इन्‍हें आराम की अवस्‍था पसंद है। बुध के पूरे प्रभाव के चलते ये  लोग नए कपड़े भी पहने तो वे मैले जैसे दिखाई देंगे। बुध का प्रभाव लग्‍न पर अधिक हुआ तो दांत भी गंदे दिखाई देंगे। यहां बुध उच्‍च और शुक्र नीच होता है। यानि सांसारिक साधनों से अधिक इन लोगों को ज्ञान की परवाह होती है। जातक लम्‍बा, पतला, आंखें काली, भौंहें झुकी हुई, आवाज पतली और कर्कश होती है। हमेशा तेज चलते हैं और अपनी उम्र से कम के दिखाई देते हैं। ये लोग लेखा कार्यों में होशियार होते हैं और अपनी नौकरी लाभ के अवसर के अनुसार लगातार बदलते रहते हैं। कार्यों को इतनी अधिक सावधानी से करते हैं कि हर काम में पुनरावृत्ति तक करने को तैयार रहते हैं। ताला बंद करेंगे तो  दो बार चेक करेंगे। पत्र लिखेंगे तो गीले गोंद लगे पत्र को फिर से खोलकर पढ़ेंगे। इन लोगों को अपने स्‍वास्‍थ्‍य को लेकर वार्तालाप करना पसंद होता है। इतना अधिक कि छोटी सी बीमारी को लेकर घंटों और दिनों तक बातें कर सकते हैं। उसके हर एक पहलु पर इतना विस्‍तार से वर्णन करते हैं कि सुनने वाला ही भाग खड़ा हो। व्‍यावसायिक प्रवृत्ति के कारण धन के प्रति सावधान होते हैं। इन लोगों को किसी भी ट्रस्‍ट या संस्‍थान में कोषाध्‍यक्ष बनाया जा सकता है। इनके लिए शुभ रंग हरा और शुभ दिन बुधवार होता है। भाग्‍य को बढ़ाने के लिए इन लोगों को पन्‍ना, मोती और हीरा पहनना चाहिए।

राशियों का मूल स्‍वभाव है यह

मैंने राशि के जो गुण बताए हैं वे लग्‍न अथवा चंद्रमा होने पर प्रकट होते दिखाई देते हैं। अन्‍यथा राशि जिस भाव में होगी वैसे ही भाव के गुणों में परिवर्तन आएगा। यहां राशि के मूल स्‍वभाव दिए जा रहे हैं। क्रूर अथवा सौम्‍य राशियों का प्रभाव होने अथवा केन्‍द्र व त्रिकोण जैसे भावों में होने पर इनमें कुछ अंतर भी आता है। उनकी गणना अलग से की जाएगी। पहले राशि से परिचय हो जाए। फिर ग्रहों और भावों के परिचय होने के बाद सम्‍पूर्ण कुण्‍डली का समग्र विश्‍लेषण किया जाएगा। तब तक पाठक राशियों के मूल स्‍वभाव से ही परिचित हों। कहीं-कहीं हो सकता है कि पाठकों को अपने गुण मिलते हुए लगें, लेकिन ये अपना पूरा प्रभाव अपनी दशा अथवा अंतरदशा में देते हैं, भले ही मूल स्‍वभाव इससे इतर हो।

अगली कक्षा में हम बात करेंगे तुला और वृश्चिक राशियों की...